President Droupadi Murmu की पहली राजकीय यात्रा आज से शुरू, सूरीनाम में कई कार्यक्रमों में होंगी शामिल
National desk | BTV bharat
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की सूरीनाम यात्रा आज से शुरू हो रही है। राष्ट्रपति कल सूरीनाम और सर्बिया की छह दिवसीय यात्रा के लिए राष्ट्रीय राजधानी से रवाना हुईं। यह राष्ट्रपति मुर्मु की सूरीनाम की पहली यात्रा है। इसके साथ ही, जुलाई 2022 में पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनकी पहली राजकीय यात्रा भी है।
विदेश मंत्रालय के सचिव सौरभ कुमार ने जानकारी दी कि राष्ट्रपति मुर्मु चार से नौ जून तक सूरीनाम और सर्बिया की यात्रा करेंगी।
4-6 जून की राजकीय यात्रा पर सूरीनाम में होंगी
राष्ट्रपति की यात्रा के सूरीनाम चरण के बारे में जानकारी देते हुए, उन्होंने कहा कि वह सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी के निमंत्रण पर 4-6 जून की राजकीय यात्रा पर सूरीनाम में होंगी। सौरभ कुमार ने कहा कि भारत, सूरीनाम के द्विपक्षीय संबंध व्यापार और वाणिज्य, विकास, साझेदारी, क्षमता निर्माण, कृषि और लोगों के बीच संबंधों जैसे क्षेत्रों तक फैले हुए हैं।
सूरीनाम अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का समर्थन करता रहा
सूरीनाम अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का समर्थन करता रहा है। उन्होंने कहा, सूरीनाम गणराज्य के द्वारा राष्ट्रपति मुर्मु को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करना भारत के साथ-साथ वैश्विक मंच पर भारत के बढ़ते प्रभाव और कद के प्रति सद्भावना दिखाता है। राष्ट्रपति की यात्रा इस बात पर भी जोर देती है कि हम सूरीनाम के साथ अपने संबंधों और दुनिया भर में भारतीय प्रवासियों को कितना महत्व देते हैं। यह यात्रा एक नई गति भी जोड़ेगी और भारत-सूरीनाम द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगी।
ये भी पढ़े: OM Birla ने बीच सड़क घायल पड़े युवक की बचाई जान, काफिला रोककर पहुंचाया अस्पताल